
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का हरिद्वार के चंडी घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। शुक्रवार को उनका निधन हो गया था। अंतिम संस्कार में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत यूपी और उत्तराखंड के कई भाजपा नेता शामिल हुए।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी पंचतत्व में विलीन हो गईं। हरिद्वार के चंडी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। सीएम योगी आदित्यनाथ के सबसे छोटे भाई महेंद्र सिंह बिष्ट ने दिवंगत मां को मुखाग्नि दी। शुक्रवार को सावित्री देवी का निधन हो गया था।
अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई भाजपा नेता चंडी घाट पहुंचे। इस दौरान नेताओं ने कहा कि मां के जाने का दुख हर कोई समझ सकता है। जीवन में मां का स्थान सबसे महत्वपूर्ण होता है और उनके निधन से होने वाली पीड़ा शब्दों में बयां नहीं की जा सकती। उन्होंने इस दुख की घड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
सात माह पहले मां से आखिरी बार मिले थे
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपनी मां सावित्री देवी से आखिरी मुलाकात सात माह पहले हुई थी। तब योगी दो दिवसीय दौरे पर अपने पैतृक गांव पंचूर आए थे। 7 और 8 मई के इस दौरे में उन्होंने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने के साथ परिवार के साथ समय बिताया था। आठ मई को पैतृक आवास पर मां से उनकी आखिरी मुलाकात हुई थी।
संन्यास के बाद मां से ली थी भिक्षा
वर्ष 1998 में संन्यास के चार साल बाद जब योगी पंचूर पहुंचे, तो परंपरा के तहत उन्होंने अपनी मां से पहली भिक्षा ली थी। सावित्री देवी ने उन्हें फल, चावल और पैसे दिए थे। योगी की बहन शशि पयाल बताती हैं कि भिक्षा देते समय मां ही नहीं, बल्कि पूरा परिवार रो पड़ा था और योगी की आंखें भी नम थीं। शशि बताती हैं कि योगी आदित्यनाथ लगातार परिजनों के संपर्क में रहकर मां का हालचाल जानते रहते थे।
इसी महीने मां से मिलने पंचूर आने वाले थे योगी
संन्यास लेने के बाद योगी ने सांसारिक जीवन और पारिवारिक मामलों से दूरी बनाए रखी, फिर भी वे समय-समय पर पंचूर जाकर मां से मिलते रहे। मुख्यमंत्री बनने के बाद मई 2022 में वे पहली बार मां से मिलने पंचूर गए थे, जहां उन्होंने मां के पैर छूकर आशीर्वाद लिया था। इसी माह वह फिर मां से मिलने पंचूर आने की योजना बना रहे थे। बहन शशि बताती हैं कि बीते कुछ दिनों से मां का स्वास्थ्य खराब होने के कारण वह फोन पर बात नहीं कर पा रही थीं, लेकिन योगी भाइयों से फोन पर संपर्क में थे और मां की सेहत के बारे में पूछते रहते थे।



