
NCERT ने कक्षा 9वीं से 12वीं के छात्रों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और कंप्यूटेशनल थिंकिंग पर नया मॉड्यूल तैयार किया है. इससे AI का इस्तेमाल, लॉजिकल थिंकिंग और जानकारी की जांच करना सीखेंगे. इसमें खास बात यह है कि इसकी एक्टिविटी बिना कंप्यूटर और मोबाइल के भी की जा सकती हैं.
आज के समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल पढ़ाई से लेकर नौकरी तक कई फील्ड में बढ़ रहा है. ऐसे में स्कूली छात्रों के लिए भी यह समझना बहुत जरूरी हो गया है कि AI कैसे काम करता है और इसका सही इस्तेमाल कैसे किया जाना चाहिए. इसी को ध्यान में रखते हुए नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (NCERT) ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए एक नया मॉड्यूल तैयार किया है. इसमें छात्रों को AI के साथ-साथ कंप्यूटेशनल थिंकिंग यानी किसी समस्या को समझकर उसे लॉजिकल तरीके से हल करना सिखाया जाएगा. खास बात यह है कि इस मॉड्यूल को पढ़ने के लिए छात्रों को पहले से कंप्यूटर या AI की जानकारी होना जरूरी नहीं है.
किस तरह काम करेगा NCERT का नया AI मॉड्यूल?
शिक्षा मंत्रालय के तहत तैयार किए गए इस मॉड्यूल का उद्देश्य छात्रों को नई टेक्नोलॉजी से परिचित कराना और उनकी सोचने-समझने की क्षमता को बेहतर बनाना है. इसे राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 की प्राथमिकताओं के अनुसार तैयार किया गया है. इसमें केवल AI के बारे में जानकारी देना ही मकसद नहीं है, बल्कि छात्रों को समस्याओं का हल निकालना, नए विचार सोचना और किसी भी जानकारी को समझकर उसका सही इस्तेमाल करना भी सिखाया जाएगा.
इस मॉड्यूल के जरिए विद्यार्थी समझ सकेंगे कि रोजमर्रा की जिंदगी में AI का इस्तेमाल कहां और कैसे होता है. साथ ही वे यह भी जानेंगे कि किसी समस्या को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर उसका हल किस तरह निकाला जा सकता है. इससे उनकी लॉजिकल थिंकिंग और नई चीजें सीखने की क्षमता को बढ़ावा मिलेगा.
NCERT इस मॉड्यूल से बिना कंप्यूटर के भी कर सकेंगे पढ़ाई
NCERT ने इस मॉड्यूल को इस तरह तैयार किया है कि इसे पढ़ने के लिए हर छात्र के पास कंप्यूटर, मोबाइल या इंटरनेट होना जरूरी नहीं होगा. इसमें कई ऐसी एक्टिविटी रखी गई हैं, जिन्हें बिना किसी डिजिटल डिवाइस के भी पूरा किया जा सकता है. इससे उन स्कूलों के विद्यार्थियों को भी फायदा मिल सकेगा, जहां कंप्यूटर और इंटरनेट की सुविधा सीमित है.
AI की सच्चाई जांचना भी सीखेंगे छात्र
आज इंटरनेट पर AI की मदद से कई तरह की जानकारी और कंटेंट तैयार किए जा रहे हैं. लेकिन AI से मिली हर जानकारी सही हो, यह जरूरी नहीं है. इसलिए NCERT के इस मॉड्यूल में छात्रों को जानकारी की जांच करना भी सिखाया जाएगा.



