
पूरे देश में दीपावली का त्योहार अत्यंत उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। एक तरफ जहां अयोध्या के सरयू तट पर 30 लाख दीयों की रोशनी से एक नया इतिहास रचा गया, वहीं देश की रक्षा में तैनात जवानों को सम्मानित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उनके बीच पहुंचे। इस अवसर पर देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर से भारत को दीपावली की ढेर सारी शुभकामनाएं मिली हैं।
अयोध्या में भव्य 10वां दीपोत्सव: 30 लाख दीयों से जगमगाई राम नगरी
अयोध्या में शनिवार को 10वां दीपोत्सव भव्य रूप से मनाया गया। सरयू नदी के 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीये जलाए गए, जिससे पूरी राम नगरी अलौकिक रोशनी से नहा उठी। राम की पैड़ी पर भव्य लेजर शो आयोजित किया गया, जबकि 2100 ड्रोन के विशेष शो के जरिए रामायण के प्रसंगों को आसमान में दर्शाया गया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन समेत राज्य के कई वरिष्ठ मंत्री उपस्थित रहे। सीएम योगी ने राम जन्मभूमि आंदोलन के संघर्षों, संतों और कारसेवकों के बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि कभी उपेक्षित रही अयोध्या में आज महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बन चुका है। साथ ही उन्होंने अतीत में रामभक्तों पर गोली चलाने वालों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि अयोध्या आने से पहले उन्हें अपने कृत्यों पर क्षमा मांगनी होगी।
2014 से जारी है पीएम मोदी की अनोखी परंपरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर 50 सेकंड का वीडियो संदेश जारी कर देशवासियों को दीपावली की बधाई दी। माथे पर तिलक और पारंपरिक परिधान में पीएम ने कहा कि दीपोत्सव अंधेरे के खिलाफ हमारे संकल्प का प्रतीक है।
बागडोगरा पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, आधुनिक युद्ध पर दी चेतावनी
दीपावली की पूर्व संध्या पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पश्चिम बंगाल के बागडोगरा वायुसेना अड्डे पहुंचे। उन्होंने वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर परिचालन तैयारियों और बुनियादी ढांचे का जायजा लिया।
जवानों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा, “आज के समय में युद्ध का स्वरूप बदल गया है। यह अब केवल पारंपरिक गोलीबारी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें साइबर हमले, ड्रोन अटैक, छद्म युद्ध और सोशल मीडिया प्रोपेगैंडा शामिल हो चुके हैं।” उन्होंने सैनिकों को सीमा के साथ-साथ साइबर व सूचना संबंधी उभरते खतरों से निपटने के लिए हर समय सतर्क रहने की सलाह दी।
दुनिया भर में दिखा दिपावाली का उत्साह
भारत के इस पावन पर्व का रंग वैश्विक मंच पर भी देखने को मिला:
- अमेरिका: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में पारंपरिक दीया जलाकर दिवाली मनाई। कार्यक्रम में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के दिग्गजों के साथ भारत के राजदूत विनय क्वात्रा भी मौजूद रहे।
- यूएई (दुबई): भारत के महावाणिज्य दूतावास ने वैश्विक दिवाली समारोह आयोजित किया, जिसमें यूएई अधिकारियों और भारतीय प्रवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
- दक्षिण कोरिया: नई दिल्ली स्थित कोरियाई दूतावास में विशेष दीया सजाने की वर्कशॉप आयोजित की गई।
- यूरोपीय संघ: भारत में यूरोपीय संघ के राजदूत जीन एरिक ने भी भारत में अपनी पहली दिवाली धूमधाम से मनाई।


