
देश भर में एसआईआर विवाद के बीच बिहार में चुनाव आयोग ने मतदाता सूची से वंचित रह गए मतदाताओं के लिए बड़ा फैसला लिया है. बिहार में मतदाता सूची से वंचित रह गए मतदाताओं का नाम फिर जोड़ा जाएगा.
घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ, करेंगे सत्यापन
बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने-अपने इलाकों में घर-घर जाकर सत्यापन का काम करेंगे. इस दौरान अगर किसी पात्र व्यक्ति का नाम वोटर लिस्ट में नहीं मिलता है, तो उनका नाम फॉर्म 6 भरवाकर सूची में शामिल किया जाएगा. इसकी सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों से भी साझा की जाएगी.
मतदान केंद्रों पर लगेंगे विशेष कैंप
अभियान समाप्त होने के बाद निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी मतदान केंद्रवार सूची राजनीतिक दलों को सौंपेंगे. विशेष अभियान के दौरान जरूरत पड़ने पर मतदान केंद्रों पर कैंप लगाए जाएंगे, मजदूरों की कॉलोनियों, रात्रि आश्रय, बेघर लोगों और कमजोर वर्ग के लोगों के लिए भी विशेष कैंप की व्यवस्था की जाएगी.
बता दें कि देश भर में मतदाता सूचियों के SIR को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है. विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन जारी है. एसआईआर पर आपत्ति जताते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से आदेश जारी
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं. आयोग ने सभी हितधारकों और जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को इस अभियान के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं.



