‘आप-कांग्रेस चोर-सिपाही’: सुनील जाखड़ बोले- सीएम मान साइड लाइन… केजरीवाल और सिसोदिया लेते हैं कैबिनेट बैठक

पंजाब भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आप और कांग्रेस को चोर सिपाही कहा है। जाखड़ का कहना है कि दोनों दल मिले हुए हैं। पंजाब में हर वर्ग समस्याओं से जूझ रहा है। 

पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। सुनील जाखड़ ने मीडियो को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस पर जमकर जुबानी हमला बोला है। जाखड़ ने दोनों दलों को (आप व कांग्रेस) चोर सिपाही कहा है। 

पंजाब बीजेपी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब में हर क्षेत्र में समस्याएं हैं। जहां हाथ रखो, वहीं दर्द होता है। हमें बस पंजाब को आप और कांग्रेस से छुटकारा दिलाना है। क्योंकि दोनों ही दल एक जैसे हैं। 

मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए जाखड़ ने कहा सीएम इन दिनों कुछ खास ध्यान नहीं देते। वे आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल का मनोरंजन करने में व्यस्त रहते हैं। जब से अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली से अपना बोरिया-बिस्तर समेटा है और पंजाब आकर बस गए हैं, तब से पंजाब सरकार कैबिनेट की बैठक कहां होती हैं? मुख्यमंत्री आवास पर। इतना ही नहीं कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया करते हैं।

जाखड़ ने कहा कि हालात यह हैं कि मुख्यमंत्री की कुर्सी को ही साइड कर दिया गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की जगह सिसोदिया की कुर्सी लगती है। जाखड़ का कहना है कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को साइड लाइन कर दिया गया है। 

सुनील जाखड़ ने कहा मैं पूरे अधिकार से कह रहा हूं कि सीएम को सभी आधिकारिक कार्यक्रमों और बैठकों से दरकिनार कर दिया गया है। सुनील जाखड़ के इस बयान से राज्य की सियासत में एक बार फिर हलचल मच गई है।

Related Articles

Back to top button