
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। बीते दिन इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। आईएमडी के अनुसार अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री था, हालांकि इस दौरान 54 डिग्री जैसी गर्मी महसूस की जा रही थी। पूर्वानुमान के मुताबिक आज दिल्ली में आंशिक बादल छाए रहेंगे। शाम के समय हल्की बारिश होगी। तेज आंधी आ सकती है। इस दौरान हवाओं की गति 40 से 60 किलोमीटर तक रह सकती है।
इसके बाद 14 से 18 जून तक आंशिक बादल रहेंगे। 14 और 15 जून को आंधी के बाद हल्की बारिश होगी। इसके बाद घने बादल बढ़ जाएंगे। बारिश भी बढ़ेगी। 16 से 18 जून तक मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं, जम्मू क्षेत्र के छह जिलों में पारा 40 डिग्री से अधिक रहा। सांबा में सबसे ज्यादा 46.3 डिग्री पारा रहा।
यूपी में अभी नहीं मिलेगी गर्मी से राहत
कई दिनों से गर्म भट्ठी में तब्दील हुए शहर में गर्मी ने इस सीजन के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। तेज धूप, उमस और लू के थपेड़ों के बीच गुरुवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। शहर में दिन का पारा 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अगले दो दिनों तक मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा। लू और गर्म रात की परिस्थितियां जारी रहने की संभावना है। शनिवार देर शाम से मौसम बदल सकता है।
राजस्थान में के गंगानगर का हाल बेहाल
राजस्थान में इन दिनों प्रचंड गर्मी पड़ रही है। राज्य का गंगानगर बीते दिन 47.8 डिग्री सेल्सियस पारे के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। गंगानगर में कई दिन से अधिकतम पारा 47 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है।