सीएम धामी ने मतांतरण पर कार्रवाई की रिपोर्ट की तलब, कहा – चलाया जाएगा अभियान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों से राज्य में मतांतरण से संबंधित मामलों में अभी तक की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी जिलों में सत्यापन अभियान लगातार जारी रखा जाए।

कहीं भी संदिग्ध गतिविधि अथवा व्यक्ति की जानकारी मिलने पर तत्काल सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए सघन जांच अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ निरंतर अभियान चलाया जाए। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1064 का व्यापक स्तर पर प्रचार किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आधार कार्ड और अन्य सरकारी दस्तावेजों को बनाते समय उनका सही प्रकार से सत्यापन किया जाए।

उन्होंने गलत दस्तावेज जारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को निरंतर जारी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि जिस भूमि को पहले ही अतिक्रमण मुक्त कर दिया गया है, वहां दोबारा अतिक्रमण न हो।इसके लिए इन स्थानों पर समय-समय पर अधिकारी भ्रमण करें। उन्होंने शत्रु संपत्ति का भी विस्तृत आंकलन करते हुए उसकी जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button