
दिल्ली पुलिस ने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हिरासत में ले लिया है. वे साउथ एवेन्यू बस स्टॉप पर धरना प्रदर्शन कर रही थीं.
दिल्ली में सीजेपी के विरोध प्रदर्शन को लेकर अफरातफरी मची है. इसी बीच शनिवार (10 अक्टूबर) को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में धरना दे रही टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी को हिरासत में लिया गया है. ममता बनर्जी टीएमसी के सांसदों संग साउथ एवेन्यू के बस स्टैंड पर धरना दे रही थीं. इसी बीच दिल्ली पुलिस ने उन्हें और कई टीएमसी नेताओं को हिरासत में ले लिया.
ममता बनर्जी को हिरासत में लेने के दौरान टीएमसी के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रायन और पुलिस के बीच काफी नोकझोंक देखने को मिली. टीएमसी के कई अन्य नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया. इस दौरान डेरेक ओ ब्रायन ने चिल्लाते हुए कहा, “डोंट टच ममता बनर्जी”. इस दौरान टीएमसी कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की.
‘इलेक्शन कमीशन ने बंगाल को लूट लिया’
ममता बनर्जी पार्टी सांसदों संग साउथ एवेन्यू के बस स्टैंड पर धरना दे रही थीं, जहां सभी ने कथित तौर पर वोट चोरी को लेकर अपने हाथों में पोस्टर पकड़े हुए थे, जिन पर लिखा था, ‘इलेक्शन कमीशन ने बंगाल को लूट लिया. बिहार, बंगाल और कई जगहों पर वोट की लूट हुई’. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने ममता बनर्जी को हिरासत में लेकर गाड़ी पर बैठाया. इस दौरान कई अन्य नेताओं को भी हिरासत में लिया गया.
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने मुंह पर बैंड-एड चिपकाकर विरोध करती दिखींं. उनकी ये तस्वीर अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. पूर्व सांसद साकेत गोखले ने कहा कि ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के 5 अन्य नेताओं को दिल्ली पुलिस और CRPF ने हिरासत में लिया है.
साकेत गोखले ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘ममता दीदी और हम 5 लोगों को उनके आवास के बाहर से दिल्ली पुलिस ने एक कैदी वाहन में हिरासत में लिया है.’ उन्होंने बताया कि उन्हें किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया जा रहा है. गोखले ने इस घटना को भारत में लोकतंत्र की मौत बताया है.



