जीत के बाद ललन सिंह का आशीर्वाद नहीं लेंगे नीरज कुमार

नीरज कुमार ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की है। नीतीश कुमार ने उन्हें बधाई भी दी, जिसके बाद नीरज कुमार ने ललन सिंह के खिलाफ प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

बिहार विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक सीट से जीत दर्ज करने के बाद एमएलसी नीरज कुमार ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि वे ललन सिंह का आशीर्वाद लेने नहीं जाएंगे। नीरज कुमार ने पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से मुलाकात के बाद यह बयान दिया।

नीरज कुमार ने इससे पहले बीते बुधवार को नीतीश कुमार से मुलाकात की थी। पटना स्नातक सीट से जीतने के बाद नीतीश कुमार ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

‘जिनको बधाई देना है दे रहे हैं’

नीरज कुमार को लगातार जीत की बधाई मिल रही है। गुरुवार को मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि जिनको बधाई देना है, वे बधाई दे रहे हैं। ललन सिंह के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट कहा, “मैं उनके पास आशीर्वाद लेने नहीं जाऊंगा। ललन सिंह से आशीर्वाद लेने का सवाल ही पैदा नहीं होता।”

नीरज बोले- ‘मेरा कसूर क्या था…’

विधान परिषद चुनाव में ललन सिंह की तरफ से प्रचार नहीं किए जाने और अनंत सिंह के मामले में उनके रुख से नीरज कुमार नाराज दिखे। उन्होंने सवाल उठाया, “कोई बताए कि मेरा क्या कसूर था?” बातचीत के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि एमएलसी चुनाव में उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने आगे कहा, “मेरी जीत के बाद किनके घर में मातम छाया है, यह सभी जानते हैं।”

‘नीतीश और एनडीए नेताओं का आभार’

जेडीयू नेता नीरज कुमार ने कहा, “राजनीति में जो मुझे मिलता है, उसे सूद सहित वापस करता हूँ… नीतीश कुमार और एनडीए के नेताओं का आभार है… पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा का मार्गदर्शन मिला…”

Related Articles

Back to top button