बुंदेलखंड का मिल्क प्रोड्यूसर मॉडल: पांच महिलाओं का स्टार्टअप… अब 1500 करोड़ का टर्नओवर, CM योगी ने की तारीफ

यूनिकॉर्न कॉन्फ्रेंस में बुंदेलखंड का मिल्क प्रोड्यूसर मॉडल खूब चर्चाओं में रहा। पांच महिलाओं ने इसकी शुरूआत की। आज 1500 करोड़ टर्नओवर है।

सूबे में निवेश को बढ़ावा देने के लिए रविवार को यूनिकॉर्न कॉन्फ्रेंस में शामिल होने आगरा आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुंदेलखंड के मिल्क प्रोड्यूसर मॉडल की चर्चा की। उन्होंने कहा कि 2019 में बुंदेलखंड प्रवास के दौरान पांच महिलाएं मेरे पास आईं। उन्होंने नौकरी की मांग की, किसी ने बताया कि वे पांचवीं पास हैं। इस पर राज्य सरकार ने पहल की। मिल्क प्रोड्यूसर का गठन कराया। उनकी ट्रेनिंग कराई। फिर कार्य प्रारंभ किया। आप आश्चर्य करेंगे कि उनका टर्नओवर 1500 करोड़ का है और इससे 42 हजार महिलाएं जुड़ी हैं। उससे भी अच्छा कार्य आगरा की मिल्क प्रोड्यूसर कर रही हैं।

कृषि के साथ सनातन, ज्ञान व परंपरा की भूमि
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी केवल कृषि ही नहीं, बल्कि सनातन-ज्ञान और परंपरा की भी भूमि है। लोग विचारों का आदान-प्रदान कर रहे हैं। कोई भी यूनिकॉर्न कंपनी बिना निवेशकों के आगे नहीं बढ़ती है। उन्होंने कहा कि विचारों की परंपरा प्राचीन काल से है। वाल्मीकि रामायण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसके लोकप्रिय होने का कारण महर्षि वाल्मीकि की व्यावहारिक समझ थी। रामायण की रचना से पहले उनके मन में श्लोक आ रहा था। वे नारद जी के पास गए, तब नारद जी ने भगवान श्रीराम को आधार रखने की सलाह दी। महर्षि ने ऐसा करके ही रामायण की रचना की। अगर विचारों का आदान-प्रदान नहीं होता तो रामायण नहीं रची जाती। आप लोगों के विचारों का आदान-प्रदान भी एक नई रामायण की आधारशिला जैसी है।

दुनिया में पहचान बना चुका स्टार्टअप इंडिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप की संस्कृति को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नया आयाम दिया है। पहले सिस्टम के प्रति विश्वास नहीं था, लेकिन अब विश्वास पैदा हुआ। पीएम ने स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, मेक इन इंडिया की भावना को आगे बढ़ाया। अब देश में इस दिशा में बहुत अच्छे कदम उठाए गए हैं। भारत सरकार ने इस मुद्दे पर हमेशा लोगों को प्रोत्साहित किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं के बारे में कहा था कि हमारा युवा अब जॉब सीकर नहीं, जाॅब क्रिएटर बनेगा। स्टार्टअप इंडिया दुनिया में पहचान बना चुका है।

इनोवेटिव आइडिया से आते हैं परिणाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे देश में अनेक यूनिकॉर्न हैं। उत्तर प्रदेश में भी काफी कदम उठाए गए हैं। यूपी में 14 हजार से अधिक स्टार्टअप हैं। सात हजार ऐसे हैं, जो महिलाओं के हैं। इन्होंने जीवन के अलग- अलग फील्ड में कुछ नया करके दिखाया है। यूपी जैसे राज्य में फिजिक्स वाला यूनिकॉर्न बना। यह दिखाता है कि इनोवेटिव आइडिया के साथ तकनीक जुड़ती है तो परिणाम आते हैं।

जीवन में आ सकता है परिवर्तन
मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में भी हम आगे बढ़ रहे हैं। टेली कंसल्टेशन शुरू कर दिया है। वर्चुअल कोचिंग चल सकती है तो टेली कंसल्टेशन के माध्यम से हम स्वास्थ्य की सलाह भी दे सकते हैं। हमने एक हजार से बढ़ाकर पांच लाख टेस्ट प्रतिदिन की क्षमता भी विकसित की है।

Related Articles

Back to top button