
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने सोमवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन तीन विधानसभा क्षेत्रों में रोड निकाले। इस दौरान ‘आप’ सरकार पर तीखे हमले किए और कहा कि जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है और पूरी दिल्ली में भाजपा की बड़ी जीत होने जा रही है। मुख्यमंत्री धामी ने करोलबाग से भाजपा प्रत्याशी दुष्यंत कुमार गौतम, पटेलनगर से राजकुमार आनंद और संगम विहार से पार्टी प्रत्याशी चंदन कुमार चौधरी के समर्थन में रोड शो निकाले। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनसभाओं और रोड शो में जनता का जिस प्रकार से समर्थन मिल रहा है, उससे साफ हो चुका है कि दिल्ली की जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है। जनता वादा खिलाफी करने वाली ‘आप’ सरकार को बेदखल करने जा रही है।
धामी ने’आप’ सरकार पर हमले करते हुए कहा कि दिल्ली में पूरे 10 साल के शासनकाल में भ्रष्टाचार ही हुए हैं। केजरीवाल चुनावों में जो वादे करते हैं, ठीक उसका उल्टा करते हैं। यमुना में पसरी गंदगी पर बोलते हुए कहा कि केजरीवाल ने अपने पहले कार्यकाल में बड़े-बड़े दावे किए थे अब अपनी नाकामी छिपाने के लिए हरियाणा सरकार पर आरोप लगा रहे हैं। कहा कि दिल्ली में भाजपा सरकार बनने पर यमुना में साफ पानी के साथ ही रिवर फ्रंट पर बनाए जाएंगे।
उन्होंने तुष्टिकरण और शराब माफियाओं को बढ़ावा देने पर भी केजरीवाल को आड़े हाथ लिया और कहा कि डबल इंजन की सरकार बनते ही दिल्ली का कायाकल्प होगा और विकास की रफ्तार बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी को भाजपा हाईकमान ने दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए स्टार प्रचारक बनाया है। उत्तराखंड में निकाय चुनाव का प्रचार खत्म होते ही धामी ने दिल्ली विस चुनाव में भी प्रचार की बागडोर संभाली और चुनाव प्रचार के अंतिम दिन तक दिल्ली के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में 24 से ज्यादा जनसभाएं और रोड शो आयोजित किए।