
पीएम मोदी और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने एक साथ मिलकर राम मंदिर पर ध्वजारोहण किया। दोनों ने रिमोट का बटन दबाकर ध्वजारोहण किया। यहां जानें कार्यक्रम से जुड़ी हर अपडेट। अयोध्या आज एक बार फिर से सज गई। अयोध्या में स्थित राम मंदिर के शिखर पर पीएम मोदी और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने ध्वजा फहराया। इससे पहले दोनों ने राम मंदिर में रामलला के दर्शन भी किए। आइये अयोध्या के राम मंदिर से जुड़ी हर अपडेट के बारे में जानते हैं।
ये ध्वज…संघर्ष से सृजन की गाथा है: PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा, “आज भगवान श्रीराम के गृभगृह की अनंत ऊर्जा, श्रीराम परिवार का दिव्य प्रताप, इस धर्मध्वजा के रूप में इस दिव्यतम, भव्यतम मंदिर में प्रतिष्ठापित हुआ है। ये धर्मध्वजा केवल एक ध्वजा नहीं, ये भारतीय सभ्यता के पुनर्जागरण का ध्वज है। इसका भगवा रंग, इसपर रचित सूर्यवंश की ख्याति, वर्णित ॐ शब्द और अंकित कोविदार वृक्ष रामराज्य की कीर्ति को प्रतिरूपित करता है। ये ध्वज…संकल्प है, सफलता है! ये ध्वज…संघर्ष से सृजन की गाथा है, सदियों से चले आ रहे स्वप्नों का साकार स्वरूप है। ये ध्वज…संतों की साधना और समाज की सहभागिता की सार्थक परिणीति है।”
यहां जटायु और गिलहरी की भी बनी मूर्ति: PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा, विकसित भारत बनाने के लिए भी समाज की इसी सामूहिक शक्ति की आवश्यकता है। यहां सप्तमंदिर बने हैं। यहां माता सबरी का मंदिर बना है जो जनजातिया समाज के प्रेम भाव की मूर्ति है। यहां निषादराज का मंदिर है, जो उस मित्रता का प्रतीक है जो उसकी भावना को पूजता है।” पीएम मोदी ने कहा, “यहां जटायु और गिलहरी जी की मूर्तियां भी हैं जो बड़े संकल्प के लिए छोटे प्रयास को भी दिखाती हैं। हर देशवासी अगर राम मंदिर आएं तो सप्तऋषियों के भी दर्शन करें।”
अयोध्या वह भूमि है जहां आदर्श आचरण में बदलते हैं: PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा, “मैं संपूर्ण विश्व के करोड़ों रामभक्तों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। आज उन सभी भक्तों को प्रणाम करता हूं, जिसने राम मंदिर निर्माण के लिए अपना सहयोग दिया। राम मंदिर के निर्माण से जुड़े सभी लोगों का अभिनंदन करता हूं। अयोध्य वह भूमि है जहां आदर्श आचरण में बदलते हैं। यही वह नगरी है जहां श्रीराम ने अपना जीवन शुरू किया। इसी अयोध्या ने बताया कि कैसे एक व्यक्ति समाज की शक्ति और उसके संस्कारों से पुरुषोत्तम बनता है।”
सदियों की वेदना आज विराम पा रही है: PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज अयोध्या नगरी सांस्कृतिक चेतना के एक और उत्कर्ष बिंदु की साक्षी बन रही है। संपूर्ण भारत, संपूर्ण विश्व राममय है। रामभक्त के मन में अद्वितीय संतोष है। सदियों के घाव भर रहे हैं, सदियों की वेदना आज विराम पा रही है। सदियों का संकल्प आज सिद्धि को प्राप्त हो रहा है। आज उस यज्ञ की पूर्णाहुति है जिसकी अग्नि 500 साल प्रज्जवलित रही।
हर दिशा में राम राज्य की अनुभूति हो रही : सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा, “भगवान राम का यह भव्य मंदिर 140 करोड़ भारतीयों की आस्था, सम्मान और आत्म गौरव का प्रतीक है। श्री राम जन्मभूमि मंदिर पर लहराता यह केसरिया ध्वज धर्म, मर्यादा, सत्य, न्याय और राष्ट्र धर्म का प्रतीक है। पिछले 500 वर्षों में साम्राज्य बदले और पीढ़ियां बदली परंतु आस्था हमेशा अडिग रही। जब RSS जैसे संगठन के हाथों में कमान आई तो एक ही उद्घोष हुआ कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वही बनाएंगे। लाठी गोली खाएंगे, मंदिर वही बनाएंगे। यहां हर दिन एक पर्व है और हर दिशा में राम राज्य की अनुभूति हो रही है।”
धर्मध्वज पर कोविदार वृक्ष रघुकुल की सत्ता का प्रतीक: मोहन भागवत
मोहन भागवत ने कहा, “इस धर्मध्वज पर रघुकुल का प्रतीक कोविदार वृक्ष है। ये वृक्ष उस रघुकुल की सत्ता का प्रतीक है, जो सबको छाया देते हैं और खुद धूप में रहते हैं।”
आज का दिन सार्थकता का दिन: मोहन भागवत
मोहन भागवत ने कहा, “आज का दिन हर सभी के लिए सार्थकता का दिन है। जिन लोगों ने इस काम के लिए प्राण दिए, उनकी आत्मा आज तृप्त हुई होगी।” उन्होंने कहा, “राम राज्य का ध्वज कभी अयोध्या में फहरा करता था, वो ध्वज आज हमने अपनी आंखों से देखा है।”
सीएम योगी ने किया संबोधित
राम मंदिर पर ध्वाजारोहण कर दिया गया है। इस ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद सीएम योगी वहां मौजूद लोगों को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने अयोध्या को नई अयोध्या कहकर संबोधित किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह सभी देशवासियों के लिए गर्व का पल है।
राम मंदिर पर किया गया ध्वजारोहण
पीएम मोदी और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने राम मंदिर पर ध्वजारोहण किया। दोनों ने रिमोट का बटन दबाकर ध्वजारोहण किया। इस दौरान जय श्री राम और वैदिक नारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा।



