
हिमाचल प्रदेश के CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर साइकिल रन जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान उन्होंने लाेगाें को प्लास्टिक न्यूट्रल की शपथ दिलाई. हिमाचल में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुरुवार (5 जून) को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ओक ओवर, शिमला से ‘प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना’ ध्येय से आयोजित साइकिल रन को झंडी दिखाकर रवाना किया.
यह कार्यक्रम संयुक्त तौर पर पर्यावरण, विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद द्वारा आयोजित किया गया. उन्होंने प्लास्टिक न्यूट्रल हिमाचल-2030 जागरूकता अभियान और स्वच्छ शिमला अभियान का भी शुभारम्भ किया.
मुख्यमंत्री ने लाेगाें को प्लास्टिक न्यूट्रल की शपथ दिलाई
इस अभियान में विद्यार्थियों, स्वयं सेवियों, गृह रक्षा जवानों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश को प्लास्टिक न्यूट्रल बनाने की शपथ भी दिलाई. मुख्यमंत्री ने विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिमाचल को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए सभी को सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए.
आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ओक ओवर, शिमला से ‘प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना’ ध्येय से आयोजित साइकिल रन को झंडी दिखाकर रवाना किया।सुक्खू ने कहा कि पर्यावरण को प्लास्टिक से बचाना सभी का दायित्व है. इस बात पर जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने पर्यावरण संरक्षण के लिए कई उपाय लागू किए हैं.
सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाया है. उन्होंने कहा कि आगामी 5 वर्षों में हिमाचल को प्लास्टिक मुक्त बनाने के निरंतर प्रयासों के साथ-साथ जागरूकता लाने के लिए गंभीर प्रयासों की भी नितांत आवश्यकता है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण, हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग है. हिमाचल की प्राकृतिक सौंदर्य से अलग पहचान है. इसे सदैव बनाए रखने के लिए हमें सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ निरंतर प्रयास करने होंगे.