
Bihar Vidhan Sabha Chunav 2025: भारतीय जनता पार्टी के फायर ब्रांड नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एनडीए के लिए चुनाव प्रचार करने बिहार दौरे पर आ रहे हैं। आज उनकी पहली सभा पटना और दूसरी सभा सहरसा में होगी। इसके लिए भाजपा ने सारी तैयारी कर ली है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बिहार दौर पर आ रहे हैं। पटना से वह चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। गुरुवार को दानापुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी रामकृपाल यादव के नामांकन में शामिल होने आ रहे हैं। इसके बाद वह चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। यहां के कार्यक्रम के बाद वह सहरसा जाएंगे। वहां भाजपा प्रत्याशी व निवर्तमान विधायक डॉ. आलोक रंजन के नामंकन कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहां भी सीएम योगी जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूरे दानापुर क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए विशेष योजना बनाई गई है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह
इधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर पटना और सहरसा में भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरे शहर को भगवा झंडों और होर्डिंग्स से सजा दिया है। योगी आदित्यनाथ का यह चुनावी दौरा भाजपा के लिए एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को लगभग 11:00 बजे पटना पहुंचेंगे, जहां से वे सीधे दानापुर जाएंगे और एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा के स्थानीय नेताओं का कहना है कि योगी आदित्यनाथ का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नया जोश भर देगा। भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि सीएम योगी का आगमन हमारे लिए गर्व की बात है। रामकृपाल यादव जैसे जमीनी नेता के समर्थन में उनका यहां आना चुनावी माहौल को और मजबूती देगा।