
रात को सोने से पहले रील्स देखते-देखते क्या आप भी अपना फोन बगल में ही रखकर सो जाते हैं? आपकी यह रोज-रोज की गलती आपको एक बड़े खतरे की तरफ धकेल रही है।
फोन आजकल लोगों की जिंदगी में बहुत जरूरी किरदार बन चुका है। सुबह आंख खुलने से लेकर रात को सोने तक लोग फोन चलाते हैं। ज्यादातर लोगों की यह आदत बन चुकी है कि वे रात को बिस्तर पर लेटकर घंटों रील्स या वीडियो देखते हैं और नींद आने पर फोन को अपने तकिए के नीचे रखकर सो जाते हैं। कई लोग तो फोन को चार्जिंग पर लगाकर अपने बिस्तर पर ही छोड़ देते हैं। सुनने में यह भले ही एक नॉर्मल बात लगती हो, लेकिन आपकी यह रोज की आदत आपकी सेहत और सेफ्टी दोनों के लिए बहुत बड़ा खतरा बन सकती है। सोते समय फोन को इतने करीब रखना किसी खतरे को अपने पास बुलाने जैसा है।
फोन को बिस्तर पर रखने से रहते हैं ये बड़े खतरे
अक्सर लोग सुबह का अलार्म सुनने के चक्कर में फोन को अपने पास रखते हैं, जो कि सबसे खतरनाक आदत है। दरअसल, जब फोन ऑन रहता है और उसमें डेटा या वाई-फाई चल रहा होता है, तो उसके अंदर प्रोसेसिंग चलती रहती है, जिससे फोन हल्का गर्म होता है। जब आप इसे तकिए के नीचे रख देते हैं, तो इसकी गर्मी बाहर नहीं निकल पाती और फोन ओवरहीट होने लगता है। खासकर अगर फोन बिस्तर पर चार्जिंग पर लगा हो, तो हवा पास न होने की वजह से बैटरी फूलने या उसमें आग लगने तक का डर रहता है। इसके अलावा, स्मार्टफोन लगातार नेटवर्क टावर से जुड़े रहने के लिए रेडियोफ्रीक्वेंसी रेडिएशन छोड़ता रहता है। रात भर सिर के बिल्कुल पास फोन रहने से इसका सीधा असर हमारे दिमाग और नर्वस सिस्टम पर पड़ता है, जिससे सुबह उठने पर सिरदर्द, भारीपन और थकान महसूस होने लगती है।
हमारी नींद और आंखों पर डालते हैं असर
सिर्फ बैटरी फटने या रेडिएशन का ही डर नहीं है, बल्कि सिरहाने फोन रखने से हमारी नींद की क्वालिटी भी पूरी तरह से बर्बाद हो जाती है। फोन की स्क्रीन से निकलने वाली ब्लू लाइट हमारे दिमाग को यह सिग्नल देती है कि अभी दिन है, जिससे शरीर में नींद लाने वाला मेलाटोनिन हार्मोन बनना बंद हो जाता है। यही वजह है कि रात को देर तक फोन चलाने के बाद आंखें बंद करने पर भी घंटों तक करवटें बदलनी पड़ती हैं।
रात को सोते समय कहां पर रखना चाहिए फोन?
अब सवाल यह उठता है कि आखिर रात को सोते वक्त फोन को कहां और कैसे रखना चाहिए? तो सोते समय आपके फोन और आपके शरीर के बीच कम से कम 3 से 4 फीट की दूरी जरूर होनी चाहिए। सबसे अच्छा तरीका यह है कि आप फोन को अपने बेड के पास वाली साइड टेबल पर रखें, जहां से आपको उठकर अलार्म बंद करना पड़े। इससे आपकी सेहत भी बचेगी और सुबह आलस छोड़कर एक बार में उठने की आदत भी बनेगी।
ध्यान रखें कि फोन को हमेशा किसी सख्त और सपाट सतह पर ही रखें, जिससे उसके आसपास हवा का बहाव बना रहे और वह गर्म न हो। अगर आपको फोन अपने कमरे में ही रखना है, तो सोने से पहले उसका इंटरनेट बंद कर दें या फिर उसे DND मोड (डिस्टर्ब न करें) पर डाल दें।

