
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री मोदी पर की गई ‘बाप’ वाली टिप्पणी पर प्रधानमंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि “अपनी आखिरी सांस तक भारत के लोगों की सेवा करता रहूंगा.”
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के ‘मोदी का बाप भी जाएगा’ वाले विवादित बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पलटवार किया है. पीएम मोदी ने कहा कि वह अपनी आखिरी सांस तक भारत के लोगों की सेवा करते रहेंगे. उन्होंने विपक्ष पर अफवाह फैलाने का भी आरोप लगाया.
प्रधानमंत्री मोदी की यह टिप्पणी गुजरात के बनासकांठा जिले के भिलडी में ‘भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर’ का उद्घाटन करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए आई है. इस दौरान उन्होंने 14,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया.
दरअसल, 25 अक्टूबर 2026 को मल्लिकार्जुन खरगे बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती समारोह में भाग लेने पटना पहुंचे थे, तभी दर्शकों में से एक व्यक्ति ने चिल्लाकर कहा, ” मोदी कहीं नहीं जाएगा” खड़गे ने तब जवाब देते हुए कहा, ” मोदी का बाप भी जाएगा , बाप भी जाएगा”
विपक्ष अफवाहें फैलाता है
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि “जीवन के अंतिम क्षण तक मैं जनता की सेवा में ही जुटा रहूंगा.” विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग ऐसे हैं जिन्हें देश के मुश्किल दौर से गुजरने पर खुशी मिलती है. प्रधानमंत्री ने कहा कि “ईरान युद्ध के समय उन्होंने(विपक्ष) अफवाहें फैलाईं कि किसानों को खाद नहीं मिलेगी और लोगों को एलपीजी नहीं मिलेगी, क्योंकि वे मोदी को बदनाम करना चाहते थे.”
किसानों के कल्याण को प्राथमिकता
पीएम मोदी ने कहा कि “उनकी सरकार ने हमेशा किसानों के कल्याण को प्राथमिकता दी है और उन्हें सशक्त बनाया है. वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच खाद की कीमतों में भारी उछाल आया, लेकिन हमारी सरकार ने इसका बोझ किसानों पर नहीं पड़ने दिया.” उन्होंने आगे बताया कि सरकार ने ‘पीएम-किसान सम्मान निधि’ के तहत छोटे किसानों को 4.5 लाख करोड़ रुपये दिए हैं.
कांग्रेस ने किया था बचाव
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में मल्लिकार्जुन खरगे की “बाप” टिप्पणी का बचाव करते हुए कहा था कि यह टिप्पणी उन्होंने रविवार को बिहार के पटना में एक कार्यक्रम के दौरान हुई ‘झड़प(heckling)’ के जवाब में की थी.
अमित शाह ने किया था कांग्रेस पर हमला
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर प्रधानमंत्री और उनके परिवार के खिलाफ बार-बार अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था. ‘X’ पर शाह ने कहा था कि पटना में मोदी जी के पिता के बारे में अभद्र टिप्पणी करके खरगे ने “मर्यादा की सारी हदें पार कर दी हैं”
उन्होंने आरोप लगाया कि “यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया हो. कभी उन्होंने उनकी पूजनीय माता जी का अपमान किया, कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहा, तो कभी उन्हें ‘चायवाला’ कहकर उनकी गरीबी का मजाक उड़ाया.”



