
पटना के नौबतपुर मिट्ठू हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मिटठू के मर्डर की सुपारी किसी और ने नहीं बल्कि उसके सगे छोटे भाई ने ही दी थी। पुलिस ने इस मामले में सभी 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
राजधानी से सटे नौबतपुर में नेवां पुल के पास 9 अक्टूबर 2026 की रात हुए मिट्ठू मर्डर केस में सनसनीखेज खुलासा किया गया है। ब्लाइंड मर्डर का ये केस पुलिस के लिए भी बड़ी चुनौती की तरह था। लेकिन 72 घंटे के दौरान पुलिस ने सारी कड़ियां जोड़कर केस को सुलझा लिया। इस मर्डर केस का मुख्य आरोपी कोई बाहरी नहीं बल्कि मिट्ठू का सगा छोटा भाई निकलाष
पारिवारिक कलह से तंग आकर रची गई खौफनाक साजिश
एसपी चंद्रप्रकाश ने मिट्ठू मर्डर केस का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक का हमेशा अपने घर में विवाद रहता था और वो घर में झगड़ा-कलह किए रहता था। इससे उसका छोटा भाई सोहन परेशान रहता था। आखिर में आजिज आकर उसने अपने बड़े भाई की ही सुपारी दे दी। सोहन ने इसके लिए दुल्हिनबाजार में रहने वाले अपने कुछ जानकारों के संपर्क किया। इसके बाद उसे कॉन्ट्रैक्ट किलर्स की जानकारी मिली। आखिर में मिट्ठू के मर्डर की सुपारी 1.20 लाख रुपयों में तय हो गई।
भाई ने ही दे दी थी मर्डर की सुपारी
9 अक्टूबर की रात नेवां पुल के पास सभी अपराधी इकट्ठे हुए। वहीं पर मिट्ठू का इंतजार किया जाने लगा। काफी देर तक अपराधी घात लगाए वहीं पर मौजूद रहे। तय समय पर जैसे ही मिट्ठू वहां पहुंचा, अपराधियों ने उसकी हत्या कर दी और फिर वहां से दुल्हिनबाजार की तरफ फरार हो गए।
पुलिस ने तेजी से सुलझाया केस
नौबतपुर का ये ब्लाइंड मर्डर केस पुलिस के लिए ये केस सुलझाना बड़ी चुनौती था। लेकिन इसके लिए एक स्पेशल टीम बनाई गई। इस टीम ने मानवीय और टेक्निकल इन्वेस्टिगेशन के जरिए वहां मिले सुरागों से अपनी पड़ताल शुरू की। इसकी कड़ी जुड़ते ही मिट्ठू के भाई सोहन और तीन सुपारी किलर्स को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
हत्या में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद
सोहन के साथ जिन सुपारी किलर्स को पटना पुलिस ने दबोचा, उनमें दुल्हिनबाजार निवासी सूरज उर्फ भूरी, शंकर और आशीष थे। इन्हीं तीनों ने मिट्ठू के मर्डर की सुपारी ली थी। इसके बाद पुलिस की पूछताछ के सामने अपराधी टिक नहीं पाए और सारा सच उगल दिया। इनकी निशानदेही पर ही पुलिस ने एक पिस्टल, दो मैगजीन और 7 जिंदा गोलियां भी बरामद कीं। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट में पेश कर चारों को जेल भेज दिया।



