कंगना रनौत ने किए रामलला के दर्शन.

फिल्म अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन के बाद कहा कि परिसर इतना बड़ा और खूबसूरत है कि अब लगता है कि परिवार के साथ यहां पूरा दिन बिताना पड़ेगा.

फिल्म अभिनेत्री और हिमाचल की मंडी लोकसभा से बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने रविवार (11 अक्टूबर) को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन किए. उन्होंने कहा कि बेहद पवित्र और पावन भूमि का दर्शन करना सौभाग्य की बात है. उन्होंने अपने परिवार के साथ भी यहां आने की इच्छा जताई.

अयोध्या में रामलला के दर्शन के बाद  मीडिया से बातचीत में कंगना रनौत ने कहा, ”अयोध्या में राम जन्मभूमि की पवित्र धरती के दर्शन करना हमेशा ही सौभाग्य की बात होती है. यहां लोग तभी आ पाते हैं जब उनका सौभाग्य होता है. इसलिए, आज पूजा-अर्चना करना और इस बेहद पवित्र और पावन भूमि को देखना अपने आप में एक बहुत बड़ा आशीर्वाद है. बहुत अच्छा लगा. मंदिर परिसर इतना बड़ा और खूबसूरत है कि अब लगता है कि परिवार के साथ यहां पूरा दिन बिताना पड़ेगा, तभी पूरी तरीके से संतुष्टि हो पाएगी.”

सीजेपी के प्रदर्शन पर क्या बोलीं कंगना रनौत?

कंगना रनौत ने शनिवार (10 अक्टूबर) अयोध्या जाते समय लखनऊ पहुंचने पर कहा था कि वह भगवान राम की पूजा अर्चना करने के लिए अयोध्या जा रही हैं. इस दौरान दिल्ली में सीजेपी के विरोध प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर रनौत ने कहा था कि देखिए लोग अब इन देश विरोधी ताकतों को कैसे बेनकाब कर रहे हैं. पुलिस को तो छोड़िए, अब आम लोग भी उन्हें पकड़ेंगे और उनसे जवाब मांगेंगे क्योंकि लोगों ने उन्हें पहचानना शुरू कर दिया है.

PM मोदी ने राष्ट्र को आगे ले जाने के लिए काम किया- रनौत

इससे पहले 7 अक्टूबर को बीजेपी सांसद और फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 साल पूरे होने पर उन्हें प्रेरणास्रोत बताया था. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने राष्ट्र को आगे ले जाने के लिए काम किया. 2047 का जो उनका विजन है, उससे हमें क्या सीखना है और कैसे उनके साथ में रहते हुए काम करना है.

कंगना रनौत का राहुल गांधी पर हमला

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अर्थहीन विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा लेने और लोकतंत्र का अपमान करने के लिए आलोचना की. कंगना रनौत ने कहा, ”राहुल गांधी इस तरह की हरकतें कर रहे हैं, फिर कहते हैं कि देश का लोकतंत्र अपमानित हो रहा है. स्टूडेंट पॉलीटिक्स से लेकर हर जगह बीजेपी का भगवा लहरा रहा है, तो ये सब बातें इनकी सोच से बाहर हैं.”

Related Articles

Back to top button