
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज हरियाणा के जुलाना स्थित अपने पैतृक गांव नंदगढ़ में अपना 51वां जन्मदिन मनाया। उनका जन्म 19 जुलाई 1974 को इसी गांव में हुआ था। हरियाणा सरकार ने इस मौके पर नंदगढ़ में बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज हरियाणा के जुलाना स्थित अपने पैतृक गांव नंदगढ़ में अपना 51वां जन्मदिन मनाया। उनका जन्म 19 जुलाई 1974 को इसी गांव में हुआ था। हरियाणा सरकार ने इस मौके पर नंदगढ़ में बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पार्टी के अन्य नेताओं ने जुलाना में जन्मदिन के मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का भव्य स्वागत किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रेखा गुप्ता को उनके जन्मदिन के तोहफे के रूप में नंदगढ़ गांव को विकास की कई सौगातें दीं। इसके लिए रेखा गुप्ता ने उनका आभार भी जताया।
इस मौके पर रेखा गुप्ता ने नंदगढ़ से जुड़ी अपने बचपन की यादों से लेकर अपने लेकर दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव से लेकर दिल्ली की सीएम बनने तक के सफर को भी याद किया।
पीएम मोदी समेत शीर्ष केंद्रीय मंत्रियों तथा भाजपा नेताओं ने दीं बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य शीर्ष केंद्रीय मंत्रियों तथा भाजपा नेताओं ने रेखा गुप्ता को जन्मदिन पर बधाइयां दीं।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता जी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई। दिल्ली की सेवा में वह हमेशा सक्रिय रही हैं। मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी के कल्याण के लिए कई पहल की हैं। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करे।”
गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई देने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि उनका ‘‘सदैव प्रेरणादायक’’ मार्गदर्शन उनकी (गुप्ता की) सार्वजनिक सेवा यात्रा के लिए निरंतर शक्ति और प्रेरणा का स्रोत है।
रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मुख्यमंत्री के रूप में मैं ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के आपके दृष्टिकोण को सार्थक परिणामों में बदलने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं।”
केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी ने भी दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को उनके जन्मदिन पर बधाई दीं।
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने अपने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ”दिल्ली की मुख्यमंत्री, हरियाणा की बेटी श्रीमती रेखा गुप्ता जी को जन्मदिवस की अशेष शुभकामनाएँ एवं बधाई। आपका कुशल नेतृत्व और समाज के प्रति समर्पण राजधानी में सुशासन और सशक्तिकरण का प्रतीक बन चुका है। मैं प्रभु श्रीराम से प्रार्थना करता हूँ कि आप सदैव स्वस्थ रहें एवं दीर्घायु हों और दिल्ली के विकास में अपना योगदान देती रहें।”
दिल्ली में अधिकारियों ने बताया कि उनका जुलाना और नंदगढ़ में कई कार्यक्रमों में भाग लेने का कार्यक्रम है।
भाषा के इनपुट के साथ