
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नितानंद महाराज के 225वें निर्वाण दिवस पर (दुबलधन) स्थित जटेला धाम में 225 बिस्तर वाले आधुनिक अस्पताल का शिलान्यास और स्वामी नितानंद आश्रम गौशाला का लोकार्पण किया। सीएम ने 225 बैड के आयुर्विज्ञान संस्थान के निर्माण के लिए 31 लाख और कैबिनेट मंत्री डाॅ. अरविंद शर्मा व कृष्ण बेदी ने 11-11 लाख रुपये देने की घोषणा की।
सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का जो मंत्र दिया है हम उस पर चलते हुए एक आत्मनिर्भर और सशक्त हरियाणा का निर्माण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर जटेला धाम ने लगभग 82,125 पौधारोपण का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। सरकार भी पर्यावरण को लेकर बेहद सजग है। एक पेड़ मां के नाम अभियान के पहले चरण में हरियाणा में लक्ष्य से अधिक एक करोड़ 87 लाख पौधे लगाए गए हैं। दूसरे चरण में 1 करोड़ 82 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।
आपने सहयोग नहीं किया, गोहाना वालों ने कसर पूरी कर दी
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मंच से उलाहना देते हुए कहा कि आपने डॉ. अरविंद शर्मा को लोकसभा चुनाव में पूरा सहयोग नहीं किया, लेकिन कोई बात नहीं…यह कसर गोहाना वालों ने पूरी कर दी। आज डॉ. शर्मा उनके कैबिनेट में मंत्री हैं। उनका यहां से जुड़ाव है और यहां के लिए वह पूरा काम कर रहे हैं।