सीएम रेखा गुप्ता ने तीज महोत्सव के लिए महिलाओं को भेजा न्योता

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तीज महोत्सव के लिए महिलाओं को स्नेह निमंत्रण भेजा है। 25 से 27 जुलाई तक दिल्ली हाट पीतमपुरा में तीज महोत्सव 2025 का आयोजन होगा। इसमें सभी को मुफ्त प्रवेश मिलेगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 25 जुलाई की शाम को इस तीन दिवसीय उत्सव का उद्घाटन करेंगी। यह आयोजन महिलाओं की रचनात्मकता, संस्कृति और सामुदायिक एकता को समर्पित होगा।


पर्यटन व कला मंत्री कपिल मिश्रा ने मंगलवार को सचिवालय में चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। महिला उद्यमियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसरों ने इसे और आकर्षक बनाने के लिए सुझाव दिए। कपिल मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में तीज महोत्सव परंपरा और नारी शक्ति का अनोखा संगम होगा। हम इसे आधुनिक तकनीक और लोगों की भागीदारी के साथ नया रूप दे रहे हैं। महोत्सव में प्रवेश मुफ्त रहेगा जिसमें 100 से ज्यादा स्टॉल होंगे, 80 हस्तशिल्प, हथकरघा और 25 देशभर के स्वादिष्ट व्यंजनों के लिए स्टाल होंगे। मेहंदी, रंगोली और बिंदी सजावट जैसी प्रतियोगिताएं महिलाओं और युवतियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका देंगी।

खास किड्स जोन में स्टोरी टेलिंग
बच्चों के लिए खास किड्स जोन में स्टोरी टेलिंग, मैजिक शो और मजेदार गतिविधियां होंगी। तीज क्विज और स्लोगन लेखन प्रतियोगिताओं में पहला पुरस्कार 3,000 रुपये, दूसरा 2,000 रुपये और तीसरा 1,500 रुपये होगा। कपिल मिश्रा ने कहा कि यह उत्सव दिल्ली को सांस्कृतिक और पारिवारिक पर्यटन स्थल के रूप में नई पहचान देगा। सभी दिल्लीवासियों को इस रंगारंग आयोजन में शामिल होने का न्योता है।

Related Articles

Back to top button