
दिशोम गुरु शिबू सोरेन का आज निधन हो गया। यह जानकारी उनके बेटे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद ‘एक्स’ पर पोस्ट कर साझा की। उन्होंने लिखा कि आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं। आज मैं शून्य हो गया हूं। राज्य सरकार ने तीन दिनों के राजकीय शोक का एलान किया है।
वयोवृद्ध राजनेता शिबू सोरेन के निधन पर शोक की लहर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई दिग्गजों ने शिबू सोरेन के निधन पर शोक जताया। राजनीतिक जगत में शून्य पैदा होने और अपूरणीय क्षति की बात कहते हुए ओडिशा के पूर्व सीएम नवीन पटनायक, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा जैसे लोगों ने भी शोक प्रकट किया।
तीन दिनों के राजकीय शोक का एलान
झारखंड सरकार ने झामुमो के संस्थापक संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।
पीएम मोदी ने की झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, “शिबू सोरेन जी एक ज़मीनी नेता थे, जिन्होंने जनता के प्रति अटूट समर्पण के साथ सार्वजनिक जीवन में तरक्की की। वे आदिवासी समुदायों, गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए विशेष रूप से प्रतिबद्ध थे। उनके निधन से दुःख हुआ। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी से बात की और संवेदना व्यक्त की। ओम शांति।”
‘वे हमेशा जमीन और जनता से जुड़े रहे’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, ‘झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के वरिष्ठतम नेताओं में से एक, श्री शिबू सोरेन जी, झारखंड के उन कद्दावर नेताओं में गिने जाते थे जिन्होंने जीवन भर समाज के कमजोर वर्गों, विशेषकर आदिवासी समुदाय के अधिकारों और सशक्तिकरण के लिए संघर्ष किया। वे हमेशा जमीन और जनता से जुड़े रहे। मेरा उनसे पुराना परिचय था। उनके निधन से मुझे गहरा दुःख पहुंचा है। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति!’
झारखंड के ‘दिशोम गुरु’ थे: मंजू कुमारी
भाजपा नेता मंजू कुमारी ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर कहा, ‘वे झारखंड के ‘दिशोम गुरु’ थे। उनके निधन से क्षति हुई है। हम उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं…’