विष्णुदेव साय और भूपेश बघेल किसके पास है ज्यादा संपत्ति? देश के 9वें सबसे अमीर सीएम हैं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री

छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय देश के 9वें सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं। सीएम विष्णुदेव साय के पास कुल संपत्ति 3.80 करोड़ रुपये की है। यह जानकारी सोमवार को एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफार्म्स (एडीआर) की ओर से जारी रिपोर्ट में दी गई। रिपोर्ट के अनुसार, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों की औसत संपत्ति 52.59 करोड़ रुपये है। इसके साथ ही रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि सीएम विष्णुदेव साय के पास लाखों रुपये का कर्ज है। सीएम साय के पास करीब 65 लाख रुपये का कर्ज भी है।

चार बार सांसद रहे हैं विष्णुदेव साय

विष्णुदेव साय दिसंबर 2023 में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बने थे। मुख्यमंत्री बनने से पहले विष्णुदेव साय चार बार सांसद, दो बार विधायक और दो बार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। विष्णुदेव साय पीएम मोदी के पहले कार्यकाल में केंद्रीय राज्य मंत्री भी रह चुके हैं। उनके पास करोड़ों रुपये की संपत्ति है।

हलफनामे में दिखाई थी इतनी संपत्ति

विष्णुदेव साय ने 2023 में विधानसभा का चुनाव लड़ा था। इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग को अपना हलफनामा दिया था। इस हलफनामे के अनुसार, उनके और परिवार के पास 3,80,81,550 रुपये की कुल संपत्ति है। जबकि उनके ऊपर 65,81,921 रुपये का कर्ज है।

भूपेश बघेल के पास ज्यादा संपत्ति

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल संपत्ति के मामले में विष्णुदेव साय से ज्यादा अमीर हैं। भूपेश बघेल ने 2024 में लोकसभा का चुनाव राजनांदगांव सीट से लड़ा था। इस दौरान उन्होंने अपना हलफनामा दिया था। लोकसभा चुनाव में दिए गए चुनावी हलफनामे के अनुसार, भूपेश बघेल के पास कुल चल-अचल संपत्ति 34 करोड़ 39 लाख रुपये के करीब है। चल संपत्ति के मामले में भूपेश बघेल अपनी पत्नी मुक्तेश्वरी बघेल से पीछे हैं।

विधानसभा चुनाव में कितनी थी भूपेश बघेल की संपत्ति

हलफनामे में भूपेश बघेल ने बताया था कि उनके पास 1,30,56,420 रुपये बैंक खाते में हैं। वहीं, पत्नी के पास 2,79,62,656 रुपये बैंक में जमा हैं। इससे पहले विधानसभा चुनाव के दौरान भूपेश बघेल ने अपने हलफनामे में बताया था कि उनके खाते में 56,03,923 रुपये और उनकी पत्नी मुक्तेश्वरी बघेल के खाते में 1,38,15,326 रुपये जमा हैं। भूपेश बघेल ने 2023 में दुर्ग जिले की पाटन विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था और जीते थे।

Related Articles

Back to top button