राहत सामग्री केवल सामान नहीं, दिल्ली का स्नेह है: CM

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पंजाब में बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए रविवार को बीजेपी प्रदेश ऑफिस से राहत सामग्रियों से भरे 52 ट्रकों को रवाना किया। इस दौरान रेखा गुप्ता ने कहा कि आज समय है, जब हमें राजनीति से ऊपर उठकर पंजाब की मदद करनी चाहिए, क्योंकि अगर देश का दिल दिल्ली में धड़कता है तो दिल्ली की धड़कन पंजाब में बसती है।

आज पूरा देश पंजाब के साथ खड़ा है

वहीं, इस दौरान प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि पंजाब में जो संकट है, उसमें आज पूरा देश के साथ खड़ा है। जिस प्रकार की त्रासदी हम वहां देख रहे हैं, उसके चलते दिल्ली वालों ने भी इस बात का संकल्प लिया कि हमें भी पंजाब के साथ खड़ा होना है। सचदेवा ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री फंड में हमारी मुख्यमंत्री ने 5 करोड़ रुपये सहायता राशि दी है। हमने पंजाब के लोगों से बात की। इसलिए हमने बर्तन के अलावा मच्छरदानी, ब्लैंकेट, तिरपाल, दवाइयां, जूते-चप्पल सहित कई सामग्री भेजी हैं।

दिल्ली के लोगों का स्नेह और समर्थन है

मुख्यमंत्री ने कहा, यह राहत सामग्री केवल सामान नहीं, बल्कि दिल्ली के लोगों का स्नेह और समर्थन है। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, संगठन महामंत्री, पवन राणा, दिल्ली सरकार में मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, रविन्द्र इंद्रराज, कपिल मिश्रा, डॉ पंकज सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग, उपाध्यक्ष राज कुमार भाटिया, योगिता सिंह, मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button