मनोहर लाल से मिले सीएम सैनी, नियुक्तियों पर हुई चर्चा

भाजपा ने अपने जमीनी व मेहनती कार्यकर्ताओं को समायोजित करने की कवायद शुरू कर दी है। पहले चरण में कई कार्यकर्ताओं को ग्रीवसेंज कमेटी में सदस्य के तौर पर नियुक्त किया जा चुका है। इसी प्रक्रिया में अब बोर्ड व निगम में नियुक्तियां की जानी हैं। इसके लिए पार्टी हाईकमान द्वारा हरी झंडी दी जा चुकी है। इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की। इस दौरान इन नियुक्तियों के बारे में चर्चा की गई। पिछले दिनों सीएम नायब सिंह सैनी ने नई दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेता बीएल संतोष के साथ बैठक भी की थी।
बताया जा रहा है कि अब कभी भी नियुक्तियों के पत्र जारी किए जा सकते हैं। मुलाकात के दौरान प्रदेश के अन्य मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई है। बताया जा रहा है कि बहुत जल्द कुछ उच्चाधिकारियों के विभागों में भी बदलाव किया जा सकता है। विभाग प्रमुखों के कई पद खाली चल रहे हैं। इन पदों का अतिरिक्त प्रभाव आईएएस को दिया गया है। सीएम नायब सिंह सैनी शनिवार को गुरुग्राम के दौरे पर थे। गुरुग्राम में कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद वह नई दिल्ली में सीएम मनोहर लाल के आवास पर पहुंचे और उनसे मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश में पार्टी के संगठन के अलावा कुछ नई नियुक्तियों को लेकर मंथन हुआ है।

कांग्रेस के मुख्य आयोजक लाल जी देसाई ने की बैठक
कांग्रेस भी संगठन की नियुक्तियों में जुटी हुई है। हरियाणा कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत एआईसीसी के मुख्य ऑर्गनाइजर लालजी देसाई ने शनिवार को पंचकूला में एसयूआई व जिला अध्यक्षों के उम्मीदवारों के बारे में फीडबैक लिया। इस दौरान उन्होंने सिविल सोसाइटी के सदस्यों से भी मुलाकात की और राज्य में कांग्रेस की स्थिति पर चर्चा की। इसके साथ ही बीते विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन पर भी बातचीत की। इस दौरान उनके साथ पीसीसी के पर्यवेक्षक भी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस में जिला अध्यक्षों की अगले महीने नियुक्ति हो सकती है। राज्य में कांग्रेस का 11 साल से संगठन नहीं है।

Related Articles

Back to top button