मध्य प्रदेश में 6 अमृत स्टेशन का लोकार्पण, CM मोहन यादव बोले- ‘अब MP में बनेंगे रेल कोच, पचमढ़ी पर्यटन केंद्र होगा’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राजस्थान के बीकानेर से देशभर के 103 अमृत स्टेशनों का लोकार्पण किया। इनमें मध्यप्रदेश के 6 स्टेशन नर्मदापुरम, कटनी, ओरछा, सिवनी, शाजापुर और श्रीधाम शामिल हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि जल्द ही मध्य प्रदेश में भी रेलवे कोच का निर्माण शुरू होगा। राज्य सरकार ने बीईएमएल को रेल कोच निर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए जमीन उपलब्ध कराई है। इसके साथ ही उन्होंने पचमढ़ी का पर्यटन विकसित करने और किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने का भी वादा किया।

103 अमृत स्टेशनों का लोकार्पण करने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि देशभर में विकास का महायज्ञ चल रहा है। हमारी सड़कें और रेलवे नेटवर्क विकसित हो, इसके लिए 11 सालों में अभूतपूर्व काम हुआ है। विकास कार्यों पर देश पहले से 6 गुना ज्यादा पैसा खर्च कर रहा है। चिनाब नदी पर बना रेलवे ब्रिज, मुंबई में अटल सेतु, दक्षिण में पंबन ब्रिज देखने को मिलेगा। भारत अपनी ट्रेनों के नेटवर्क को आधुनिक कर रहा है। वंदेभारत, अमृत ट्रेन और नमो ट्रेनें भारत की नई गति को दर्शाती है।

यात्री ही स्टेशन के मालिक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीकानेर में भारत माता के जयकारों के साथ संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि देश के 70 रुटों पर वंदेभारत ट्रेन चल रही हैं। 34 हजार किलोमीटर से ज्यादा के नए रेल ट्रैक बिछाए गए हैं। ब्रॉडगैज ट्रैकों पर मानव रहित क्रॉसिंग अब इतिहास बन चुकी है। देश में पहले बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। हम 1300 से अधिक स्टेशनों को आधुनिक बना रहे हैं। इन्हें अमृत भारत स्टेशन नाम दिया है। आज इनमें से 103 स्टेशन बनकर तैयार हो गए हैं। इन स्टेशनों की तस्वीर बदल गई। ‘विकास भी और विरासत’ का नजारा इन स्टेशनों पर दिखाई देता है।

ओरछा स्टेशन पर भगवान श्रीराम की छवि दिखाई देगी। इसी प्रकार सभी स्टेशनों पर हजारों साल पुरानी विरासत के दर्शन होंगे। ये स्टेशन राज्यों में पर्यटन को बढ़ावा देंगे, युवाओं को रोजगार के मौके देंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यात्री इन स्टेशनों के मालिक हैं। ध्यान रखें कि यहां नुकसान और गंदगी न हो।

भारतीय रेल को नया स्वरूप देने का वादा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में कहा कि बदले दौर में भारत तेजी से बदल रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 11 साल के कार्यकाल में भारत को दुनिया का अग्रणी देश बनाने के लिए कई संकल्प लिए हैं। उनकी दूरदर्शी सोच की बदौलत भारतीय रेल को नया स्वरूप मिला है। मध्यप्रदेश के 6 स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। इससे यात्रियों को नई तकनीक, अत्याधुनिक सुविधाएं और सुरक्षित व सहज यात्रा का अनुभव मिलेगा। 

अब मध्यप्रदेश में बनेंगे रेल के डिब्बे

सीएम मोहन यादव ने कहा कि देशभर में नई रेलवे लाइन बिछाई जा रही हैं। आजादी के बाद नैरोगेज से ब्रॉड गैज तक आने में रेलवे को 100 साल लग गए। लेकिन, पिछले 11 साल में देशभर में हजारों किलोमीटर लंबे ट्रैक को 3-4 रेलवे लाइन वाला बनाया गया है। मध्य प्रदेश सरकार ने बीईएमएल को रेल कोच निर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए जमीन उपलब्ध कराई है। अब मध्यप्रदेश में रेल बनेगी। भारतीय रेल का विकास तेज गति से हो रहा है।

जम्मू-कश्मीर में विश्व का सबसे ऊंचा रेलवे ब्रिज बना है। विशाल हिमालय तक हमारी रेल लाइन पहुंच चुकी है। अब मुंबई में पानी के अंदर भी ट्रेन चलेगी। आज भारत मेट्रो से लेकर वंदेभारत तक सभी ट्रेनों के कोच स्वयं विकसित कर रहा है। हमारी विकास यात्रा देखकर अमेरिका, ब्रिटेन और जर्मनी जैसे देश हैरान हैं। 

भारत का सबसे अच्छा पर्यटन केंद्र होगा पचमढ़ी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय सेना को सशक्त बनाने का संकल्प लिया था। सेना को आधुनिक हथियारों से लैस किया गया। आतंकियों ने पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों पर उनका धर्म पूछकर गोलियां चलाईं। यह एक तरह से भारत में साम्प्रदायिक माहौल बिगाड़ने की साजिश थी, लेकिन आतंकियों के मंसूबे नाकाम हो गए। पाकिस्तान के चीनी हथियार सीमा पर ही मार गिराए गए। आतंकियों के ठिकाने मिट्टी में मिला दिए गए। पूरा भारत एक साथ सैनिकों का मनोबल बढ़ा रहा है। यह नए भारत की ताकत है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भविष्य में नर्मदापुरम, बुधनी, इटारसी, सोहागपुर एक महानगर का आकार लेगा। हमारी सरकार ने नर्मदापुरम जिले में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव कराई। यहां सोलर उपकरण निर्माण की यूनिट स्थापित होंगी। राज्य सरकार उद्योग स्थापित करने के साथ विरासत के संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा दे रही है। हम पचमढ़ी को भारत का सर्वश्रेष्ठ पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करेंगे। नर्मदापुरम में उद्योगपति आएंगे तो पर्यटन भी बढ़ेगा। पचमढ़ी में पर्यटकों के लिए सुविधा का विकास कार्य किया जा रहा है। 

किसानों-महिलाओं को सशक्त कर रही सरकार

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में आज 55 लाख हेक्टेयर भूमि पर खेती हो रही है। राज्य सरकार ने किसानों के लिए अनेक सुविधाएं दी हैं। प्रदेश में सिंचाई रकबा बढ़ाने के लिए तीन अलग-अलग नदी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। नरसिंहपुर में 26, 27 और 28 मई को कृषि मेला आयोजित किया जा रहा है। यहां किसानों को नवीन कृषि तकनीक और एग्री बेस्ड इंडस्ट्री का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रदेश में उद्योगों के साथ-साथ कृषि आधारित उद्योग भी लगाए जाएंगे, ताकि टमाटर सहित अन्य फसलें बर्बाद न हो और किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम मिले।

प्रदेश सरकार नारी सशक्तिकरण मिशन के अंतर्गत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। 31 मई को अहिल्या माता की 300वीं जयंती के अवसर पर भोपाल में महिला सशक्तिकरण का विशाल सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहभागिता करेंगे।

Related Articles

Back to top button