
नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाने वाले यात्रियों की संख्या में तेजी से हुई बढ़ोतरी को लेकर मेट्रो प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. एक नवंबर से इस रूट पर मेट्रो की फ्रीक्वेंसी बढ़ाई जाएगी.
नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी ख़बर है. नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन 1 नवंबर से इस रूट पर पीक ऑवर्स में मेट्रो रेल के संचालन की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने जा रहा है. नए टाइम टेबल के तहत मेट्रो पीक समय में छह मिनट के अंतराल से चलेगी. इससे यात्रियों को ट्रेन का कम इंतज़ार करना पड़ेगा और मेट्रो की संख्या बढ़ने से सफ़र आसान हो जाएगा.
नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच हरेक 6 मिनट 35 सेकेंड में ट्रेन की फ्रीक्वेंसी बढ़ने से एक्वा लाइन पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए रोजाना का सफर आसान हो जाएगा. अभी तक पीक ऑवर्स में साढ़े सात मिनट के अंतराल में मेट्रो का संचालन हो रहा है. इसके साथ ही NMRC शनिवार-रविवार और देर रात की मेट्रो सेवाओं को बढ़ाने पर भी विचार कर रहा है, जिससे यात्रियों को देर रात तक मेट्रो सेवा का लाभ मिल सकेगा.
नोएडा मेट्रो की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने की तैयारी
एनएमआरसी देर रात की सेवाएं बढ़ा सकती है. जिसके तहत नोएडा सेक्टर 51 स्टेशन से डिपो स्टेशन की ओर आखिरी ट्रेन रात 11:25 बजे चलेगी. इस प्रस्ताव पर भी विचार चल रहा है. इससे देर रात को लौटने वाले यात्री भी मेट्रो सेवा का लाभ उठा सकेंगे. वर्तमान समय में नोएडा-ग्रेटर नोएडा रूट पर 13 ट्रेनें संचालित हैं जब एक अतिरिक्त मेट्रो को रिजर्व में रखा जाता है.
वहीं दूसरी तरफ़ नोएडा मेट्रो एक्वा लाइन ने 23 अक्टूबर को सबसे ज्यादा यात्रियों के सफ़र करने का रिकॉर्ड बनाया है. इस दिन इस रूट पर एक दिन में 1,05,358 ने सफ़र किया, जो अब तक की सबसे बड़ी संख्या है. इस रूट पर रोजाना औसतन 85-90 हज़ार लोग सफ़र करते हैं.
पीक ऑवर्स में यात्रियों को मिलेगी राहत
एनएमआरसी ने कहा कि यात्रियों की बढ़ती संख्या और उनके सफर को सुविधाजनक व आसान बनाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं. इनमें टिकटिंग व्यवस्था में सुधार, डिजिटल सुविधाओं का विस्तार, नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड और फुटओवर ब्रिज के ज़रिए बेहतर कनेक्टिविटी पर भी ज़ोर दिया गया है. इसकी वजह से दैनिक यात्री संख्या में 20 फ़ीसद तक का इजाफा भी हुआ है.
मेट्रो में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ही NMRC ने पीक आवर में ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की तैयारी की है. इस फैसले से पीक ऑवर में स्कूल, कॉलेज और दफ़्तर जाने वाले लोगों को राहत मिल सकेगी. रात में मेट्रो संचालन के समय को बढ़ाने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है.
बता दें कि वर्तमान समय में नोएडा मेट्रो की अक्वा लाइन 29.7 किमी लंबी है. इसमें 21 स्टेशन आते हैं जो नोएडा को ग्रेटर नोएडा से जोड़ते हैं. ये पूरा ही रूट एलिवेटेड है ये मेट्रो लाइन सेक्टर 50 से डिपो स्टेशन तक जाती है.



