
दिल्ली में बुधवार को भी गर्मी के तेवर हल्के रहे। हालांकि, तेज धूप में उमस ने परेशान किया, लेकिन अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से कम दर्ज किए गए। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए फिर येलो अलर्ट जारी किया है।
बुधवार को दिनभर धूप खिली रही। बीच-बीच में बादल भी लुकाछिपी खेलते रहे। राजधानी का न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री कम 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम सामान्य से 4.6 डिग्री कम 34.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 100 से 65 फीसद तक दर्ज किया गया। पूर्वानुमान के बावजूद बुधवार को खबर लिखे जाने तक कहीं भी बारिश नहीं हुई।
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहेंगे। 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज वाले बादल बनने, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 36 और 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, 24 जून तक हर दिन तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। तापमान भी 40 डिग्री से नीचे ही रहेगा।
20 से 23 जून के बीच दिल्ली पहुंच सकता है मानसून
स्काईमेट वेदर के अनुसार जिस गति से मानसून आगे बढ़ रहा है, वह 20 से 23 जून के बीच कभी भी दिल्ली में दस्तक दे सकता है।
स्काईमेट वेदर के अनुसार जिस गति से मानसून आगे बढ़ रहा है, वह 20 से 23 जून के बीच कभी भी दिल्ली में दस्तक दे सकता है।
मालूम हो कि दिल्ली में मानसून के पहुंचने की तिथि 27 जून है। लेकिन इस साल यह तेज गति से आगे बढ़ रहा है। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि इस साल 16 साल में चौथी बार ऐसा होगा, जब दिल्ली में मानसून तय समय से पहले पहुंचेगा। मानसून के दौरान बारिश सामान्य या उससे ज्यादा भी हो सकती है।