
दिल्ली में बृहस्पतिवार को यमुना नदी का पानी सिविल लाइंस इलाके में घुस गया। कुछ समय तक स्थिर रहने के बाद अब जलस्तर में धीरे-धीरे कमी आनी शुरू हो गई है। बाढ़ संबंधी पूर्वानुमान में कहा गया है कि शुक्रवार सुबह आठ बजे तक जलस्तर 207.30 मीटर तक गिर जाएगा। मयूर विहार फेज-1 और यमुना बाजार में बाढ़ का पानी राहत शिविरों में घुस गया, जिससे सैलाब के कारण विस्थापित हुए लोगों की परेशानी और बढ़ गई।
दिल्ली के इन इलाकों में बाढ़
जानकारी के मुताबिक, मयूर विहार फेज-1 का राहत शिविर भी बाढ़ के पानी में डूब गया है। रिंग रोड, अलीपुर, बुराड़ी-मयूर विहार-रिंग रोड समेत कई इलाकों में भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है। बाढ़ का पानी दिल्ली सचिवालय तक पहुंच गया है जहां पर मुख्यमंत्री, मंत्रियों और कई सीनियर अधिकारियों के कार्यालय हैं। यमुना बाजार, सिविल लाइन्स समेत कई एरिया भी बाढ़ से प्रभावित हैं। वासुदेव घाट, निगम बोध घाट,मोनेस्ट्री और मजनूं का टीला भी पानी में डूब गया है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में नाव चल रही है।
बाढ़ से दिल्ली की थमी रफ्तार
दिल्ली में खतरे का निशान पार कर यमुना नदी अब विकराल रूप ले चुकी है। बाढ़ से दिल्ली की रफ्तार थम गई है। ये मयूर विहार में सड़क की बाई तरफ का पूरा इलाका डूब चुका है। यमुना का पानी हाइवे तक आ गया है। हाइवे किनारे बने बाढ़ राहत कैंप भी डूब गए हैं। दिल्ली का सबसे व्यस्त रिंग रोड भी पानी में डूब गया है। लगातार पानी भरने के चलते कई इलाकों में रिंग रोड डूब गया है।
दिल्ली सचिवालय तक पहुंचा बाढ़ का पानी
दिल्ली सचिवालय जहां दिल्ली की मुख्यमंत्री से लेकर के तमाम विभागों के मंत्री अधिकारी बैठते हैं, उसके पास तक यमुना का पानी पहुंच गया है। दीवारों से लगातार पानी रिस रहा है। हालांकि, MCD और PWD विभाग के कर्मचारी लगातार सेंड बाग लगाकर पानी को रोकने की कोशिश कर रहे हैं।
राहत कैंप भी बाढ़ के पानी में डूबे
हैरानी की बात ये है कि दिल्ली में बाढ़ से बचाने के लिए जो राहत कैंप बनाए गए थे। इस वक्त वो भी डूब गए हैं। यमुना बाजार इलाके में राहत कैंप में पानी भर गया। चारों तरफ दरिया बह रहा है। जहां लोगों को सुरक्षित रखने के इंतजाम थे अब वही एरिया सैलाबी आफत की गिरफ्त में है। मयूर विहार फेज-1 से भी ऐसी ही तस्वीर सामने आई। कल शाम तक जहां लोगों को बाढ़ से सुरक्षित निकालकर ठहराया गया था.. वो एरिया अब डूब गया है. पूरा कैंप ही यमुना नदी की चपेट में है।
सड़कों पर चल रही नाव
दिल्ली का मोनेस्ट्री बाजार भी पानी में डूब गई है। दुकानों के बाहर पानी भरने से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। नाव चल रही है। लोगों को बचाने के लिए NDRF-SDRF की टीम नाव से चक्कर लगा रही है। दुकानों में रखे सामान यमुना नदी के सैलाब में बह रहे। दिल्ली का मजनूं का टीला इलाका में गाड़ियों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। पानी रिहायशी इलाकों में घुस गया है। लोग अब घर छोड़कर जाने को मजबूर हैं। सड़क पर दरिया बह रहा है।