
पहलागाम हमले में मारे गए कानपुर के शुभम द्विवेदी का आज सुबह अंतिम संस्कार किया गया। मृतक शुभम द्विवेदी की 2 महीने पहले ही शादी हुई थी। वह अपनी पत्नी और पूरे परिवार के साथ कश्मीर घूमने गए थे जहां वह आतंकी हमले का शिकार हो गए।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों के पार्थिव शरीर उनके घर पहुंचने लगे हैं। आज सुबह कानपुर के शुभम द्विवेदी का अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर पहुंचकर शुभम को श्रद्धाजंलि दी। इससे पहले उन्हें सलामी गारद भी दी गई। इस दौरान, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और राकेश सचान, कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय तथा कई वरिष्ठ पदाधिकारी समेत हजारों लोग मौजूद थे। शुभम के पार्थिव शरीर को एंबुलेंस से ‘ग्रीन कॉरिडोर’ के जरिए उनके पैतृक गांव हाथीपुर ले जाया गया।
शुभम की पत्नी आशन्या ने दुखद घटना का जिक्र किया और कहा कि आतंकवादियों ने पूछा था कि वे हिंदू हैं या मुसलमान और अगर वे मुस्लिम हैं तो कलमा पढ़ें। जैसे ही उन्होंने बताया कि वह हिंदू हैं, उन्होंने शुभम को गोली मार दी।
2 महीने पहले ही हुई थी शादी
11 फरवरी को शुभम द्विवेदी की शादी हुई थी। परिवार के सदस्यों के साथ शुभम कश्मीर घूमने गए थे। जिस वक्त वो आतंकी हमले के शिकार हुए तब सिर्फ पत्नी उनके साथ थी। परिवार के बाकी लोग नीचे होटल में मौजूद थे। बुधवार की रात शुभम द्विवेदी और नेपाल के नागरिक सुदीप नेउपाने का पार्थिव शरीर लखनऊ पहुंचा था जहां एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने उन्हें श्रद्धाजंलि दी। आज सीएम योगी ने शुभम को उनके घर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी और परिजनों से मुलाकात की।
कायराना हरकत का सरकार देगी जवाब
वहीं, पहलगाम आतंकी हमले में मुंबई के संजय लेले और अतुल मोने भी आतंकियों की गोली के शिकार हुए। बुधवार को मुंबई में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। नम आंखों से हजारों लोगों ने दोनों को अंतिम विदाई दी। आतंकियों ने पहले दोनों का नाम पूछा था और फिर सिर और पीठ में गोली मार दी थी आतंकियों की कायराना हरकत ने पूरे देश को गुस्से से भर दिया है। इस समय हर किसी के मन में एक ही बात है कि आखिर कब इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
देश में अगले कुछ घंटे में बड़ा होने वाला है?
पहलगाम हमले के विरोध में पूरे देश में प्रोटेस्ट हो रहा है। पीएम मोदी के 11 साल के कार्यकाल में शायद यह पहला मौका है, जब वह विदेश का दौरा बीच में ही छोड़कर भारत लौटे हैं। यह संकेत बता रहा है कि देश में अगले कुछ घंटे में बड़ा होने वाला है।