
मंत्री अनिल विज की ओर से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली को दिए सार्वजनिक बयानों पर प्रदेश पार्टी अध्यक्ष ने कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है।
बयानबाजी पर मंत्री अनिल विज को कारण बताओ नोटिस के अगले दिन सीएम नायब सैनी दिल्ली रवाना हो गए हैं। वे आज भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात करेंगे। दोपहर करीब 2:30 बजे सैनी संसद भवन में पहुंचेंगे। इसके अलावा दोनों नेताओं के बीच अनिल विज मामले पर भी चर्चा होगी। साथ ही हरियाणा के निकाय चुनाव पर भी चर्चा होगी।
वहीं विज आज बंगलूरू से लौटेंगे। इसके बाद वे नोटिस पर प्रतिक्रिया दे सकते हैं।
पार्टी अध्यक्ष की ओर से दिए नोटिस में बड़ौली ने कहा- आपने पार्टी अध्यक्ष और पार्टी के मुख्यमंत्री पद के खिलाफ सार्वजनिक रूप से बयान दिया है। यह गंभीर आरोप है। यह कदम न केवल पार्टी के विचारधारा के खिलाफ है बल्कि यह उस समय हुआ, जब पार्टी पड़ोसी राज्य में चुनाव के लिए अभियान चला रही थी। चुनावी समय में इस प्रकार की बयानबाजी से पार्टी की छवि को नुकसान होगा, यह जानते हुए आपने यह बयान दिए जो पूरी तरह से अस्वीकार्य है।