
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह लोकबंधु अस्पताल में भर्ती निर्वाण आश्रय केंद्र के बीमार बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने भर्ती सभी बच्चों के बेड पर जाकर उनका हालचाल जाना। डॉक्टरों तथा अधिकारियों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को उनके स्वास्थ्य के मुताबिक गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराएं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 10 बजे लोकबंधु अस्पताल में भर्ती 16 बच्चों का हाल-चाल जानने पहुंचे। मुख्यमंत्री ने हर बेड पर बच्चों से ही अस्पताल में मिलने वाले इलाज पर बात की। इसके अलावा उनकी तबीयत में सुधार के बारे में पूछा। अपने बीच मुख्यमंत्री को पाकर बच्चे खुश दिखाई दिए। बच्चों ने भी मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। सीएम योगी भी बच्चों से मिलकर भावुक दिखे।
बच्चों के इलाज में न बरतें कोताही
सीएम ने अधिकारियों तथा लोकबंधु अस्पताल प्रबंधन से कहा कि बच्चों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न की जाए। उन्हें पूर्ण रूप से स्वस्थ होने के बाद ही डिस्चार्ज किया जाए। इसके अलावा उन्होंने बच्चों के खाने-पीने की ठीक से व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। अस्पताल के एमएस डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि फूड प्वाइजनिंग से प्रभावित 16 बच्चों को गुरुवार को वार्ड नंबर 30 के जनरल पुरुष वार्ड में भर्ती कराया गया था। सभी बच्चों की हालत सामान्य है। नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।
इस दौरान प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव महिला एवं बाल कल्याण लीना जौहरी, मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब, डीएम विशाख जी, अस्पताल के डॉ. सरोज और डॉ. राजीव दीक्षित आदि मौजूद रहे।